नशे में धुत कर्मचारी ने अस्पताल में हंगामा किया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
लार सीएचसी में रविवार को नशे में धुत एक कर्मचारी ने जमकर हंगामा किया। इमरजेंसी में आए रोगियों को इससे जहां परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं डॉक्टर और फार्मासिस्ट को भी दिक्कत हुई। बाद में लोगों ने किसी तरह उसे अस्पताल से बाहर किया।
लार सीएचसी पर तैनात एक कर्मचारी दोपहर में अस्पताल पर पहुंचा। लोगों का आरोप है कि वह शराब के नशे में था और इमरजेंसी में इलाज कराने आए रोगियों से बदसलूकी करने लगा। इसको लेकर रोगियों के साथ में आए लोगों से कहासुनी भी हुई। डॉक्टर और फार्मासिस्ट ने इसका विरोध किया तो कर्मचारी ने उनको भी भला बुरा कहा। इसकी वजह से अस्पताल में आए लोगों को एक घंटे तक परेशान होना पड़ा। बाद में लोगों ने नशेड़ी कर्मचारी को अस्पताल से धक्का देकर बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल का माहौल शांत हुआ।
लोगों की मानें तो यह कर्मचारी अक्सर नशे में रहता है और कर्मचारियों के अलावा इलाज कराने आने वाले लोगों से उलझता रहता है। इस बाबत अधीक्षक डा. बीबी सिंह ने बताया कि कर्मचारी के इस रवैये की जांच कराकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।