बरहज के दियारा में कुटीर उद्योग का रूप ले चुकी कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर व्यापक अभियान चलाया है। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कई थानों की फोर्स ने पीएसी के परसिया देवार में बन रहे शराब की भट्ठियों को नष्ट किया। मौके पर हजारों लीटर लहन नष्ट की गई। मगर इतने बड़े धंधे को चलाने वाला एक भी आरोपी पुलिस की गिरफ्तार में नहीं हुआ।
होली को देखते हुए पुलिस का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। दबिश में आबकारी विभाग के लोग भी पुलिस के साथ मौजूद थे। रविवार को नायब तहसीलदार अनिता गुप्ता, एसओ बरहज परमाशंकर यादव, भलुअनी, मईल और पीएसी के साथ दियारा इलाके के परसिया देवार गांव पहुंचे जहां खेतों की तरफ जमीन के अंदर शराब रखी गई थी।
पुलिस ने शराब को बाहर निकाला। मौके से तीन हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद गांव में अफरा -तफरी मच गई। पुलिस कई बार दियारा में कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चला चुकी है लेकिन धंधा बंद होने का नाम नहीं ले रहा है।