देवरिया। सोमवार की सुबह सकरापार तालाब में डूबने से चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तालाब में कवलगटा का फूल तोड़ने गया किशोर डूबने लगा। उसे बचाने के चक्कर में चचेरा भाई भी डूब गया। गांव के लोग दोनों को तालाब से निकालकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
कोतवाली, सकरापार का पवन प्रजापति (14), चचेरे भाई जितेंद्र प्रजापति, सत्यम (10) के साथ गांव के बाहर तालाब में कवलगटा का फूल तोड़ने गया था। पवन तालाब के अंदर फूल तोड़ रहा था। पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया।
पानी में डूब रहा पवन चिल्लाने लगा। चचेरे भाई को डूबता देख जितेंद्र भी पानी में कूद गया। दोनों डूबने लगे और शोर मचाने लगे। तालाब के पास खड़ा सत्यम शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा और लोगों को जानकारी दी। सैकड़ों लोग तालाब के पास पहुंचे।
जितेंद्र का भाई आकाश तालाब में दोनों भाइयों को खोजने लगा। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन देर हो चुकी थी। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो गांव में कोहराम मच गया। सूचना आग की तरह फैल गई। सैकड़ों लोग मृतक के घर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा के बाद दोनों शव को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद से गांव में मातम छाया है।