देवरिया में बाइक सवार तीन बदमाशों ने मजदूरी करने जा रहे कारपेंटर को चाकू मारकर घायल कर दिया और पांच हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना सोमवार की दोपहर रामपुर कारखाना के रामपुर हिरामन पुलिया के पास हुई। घायल को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणा के भिवानी निवासी रामवीर शर्मा की ससुराल बरवा मानसिंह गांव में है। काफी समय से वह ससुराल में रहता था। बगल के चौराहे पर एक दुकान में बढईगिरी का काम करता है। सोमवार को साइकिल से दुकान पर जा रहा था। रामपुर हिरामन पुलिया के पास बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने साइकिल सवार को रोक लिया और रुपये छिनने लगे। रामवीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ तीन जगहों पर चाकू मारकर घायल कर दिया और रुपये लूटकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर घायल पर पड़ी तो उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचा। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने लूट की सूचना पर महुआडीह पुलिस चौकी को दी। थानाध्यक्ष देवेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।