छात्रा से छेड़खानी करने के आरोपी प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी न होने पर नाराज लोगों ने बुधवार को थाने का घेराव कर सड़क जाम कर दी। पुलिस से नोकझोंक के दौरान लोगों ने पुलिस जीप पर डंडे पटके। लोगों के उग्र तेवर देखकर पुलिस बैकफुट पर आ गई और मान मनौव्वल में जुट गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। छात्रा को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी के आश्वासन पर लोग शांत हुए। इस दौरान लोगों के उग्र तेवर को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रही। नगर के विश्वनाथ त्रिपाठी शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य अरविंद त्रिपाठी पर मंगलवार को 11वीं में पढ़ने वाली एक छात्रा ने छेड़खानी का आरोप लगाया था। प्रधानाचार्य की करतूत सुनते ही नाराज परिवार और गांव के लोग शिक्षण संस्थान पहुंच गए। वहां कुछ लोगों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर बीच बचाव कर दिया। कोई कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार को बड़ी संख्या में गांव के लोग बरहज तहसील पहुंचे। लोगों का आरोप है कि प्रधानाचार्य कई छात्राओं के साथ ऐसी हरकत कर चुका है। उन्होंने प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की मांग की, फिर नारे लगाते हुए थाने पहुंचकर घेराव किया। दो घंटे तक धरने पर बैठने के बाद भी जब पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया तो लोगों का गुस्सा बढ़ गया। वे नारेबाजी करते हुए मुख्य चौक पर पहुंचकर जाम लगा दिया। लोगों के तेवर को देखकर पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ पास्को एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया। जाम में शामिल लोग प्रधानाचार्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए, जिससे ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। जिस पर सीओ सुधीर शर्मा ने 24 घंटे में आरोपी प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। सीओ ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है। उनके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है। 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। इस दौरान रणविजय, रामप्रताप सिंह, मनोज सिंह, अनूप सिंह, संदीप सिंह, उमा यादव, दुर्गेश जायसवाल, रमेश यादव, उमेश सिंह, जीतू सिंह आदि मौजूद रहे।