डेमुसा गांव के एक मकान में भूसे में रखा देसी बम फट गया। हादसे में तीन बच्चे और एक महिला जख्मी हो गईं। बम के फटने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की जांच में पता चला कि देसी बमों को भूसे में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने बिस्फोट के बाद बिखरी रस्सी और बारूद को कब्जे में ले लिया है। हादसे में घायल दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देसी बम के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। भटनी, डेमुसा के दुबौली टोला के राकेश प्रसाद का बेटा पीयूष (6), राजू गुप्ता का बेटा राहुल (5 )और नंदजी गुप्ता की बेटी निर्जला (4 )दोपहर को खेल रही थी। इसी बीच बच्चे राकेश प्रसाद के टीनसेड में रखे भूसे के पास पहुंचे। जहां झोले में कुछ रखा हुआ दिखा। बच्चों ने गेंद समझकर देेसी बम के झोले को उठा लिया। इसी बीच अचानक बिस्फोट हो गया। हादसे में पीयूष, राहुल, निर्जला और कुछ दूरी पर मौजूद प्रेमशीला देवी घायल हो गईं।बम फटने का आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर दौड़ पड़े। तीन बच्चे खून से लथपथ थे। सभी को पीएचसी पर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण निर्जला और राहुल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची भटनी पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस राकेश प्रसाद की तलाश कर रही है। जो हादसे के बाद फरार बताया जा रहा है। मौके पर मिले अवशेष को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। भटनी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि विस्फोट में सभी बच्चे घायल हुए हैं। लोगों ने देसी बम की सूचना दी है। जांच की जा रही है। बम की पुष्टि होती है तो राकेश के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।