हत्या के बाद बैदा गांव में ठिकाने लगाए गए शव की शिनाख्त हो गई है। सोमवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त की। मृतक की पहचान कसया के मुन्ना धोबी के रुप में हुई। हत्या की वजह आशनाई बताई जा रही है। मृतक शनिवार से लापता था। रुद्रपुर इलाके में मायके आई महिला से उसका संपर्क था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।कोतवाली के बैदा गांव में सोमवारकी दोपहर पुलिया के पास पानी में युवक की लाश मिली थी। धारदार हथियार से उसका गला काटा गया था और प्लास्टिक की रस्सी गले में बंधी मिली थी ।मृतक के सीने पर शीला और हाथ पर मुन्ना लिखा था। जानकारी के बाद कुशीनगर, कसया बेलवा पलकधारी गांव के लोग पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। मृतक की शिनाख्त गांव के मुन्ना धोबी के रूप में की। मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि अमर उजाला में खबर छपी थी कि युवक के सीने पर शीला और हाथ पर मुन्ना लिखा था। अनहोनी की आशंका पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त की। मृतक के पांच बच्चे हैं। शिनाख्त की सूचना पर कोतवाल गोपाल त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और परिवार के साथ गांववालों से बातचीत की। पूछताछ के बाद उन्होंने बताया कि मुन्ना मनचला था। सिलाई सिखाने के दौरान उसका कई महिलाओं से संपर्क हो गया था। मृतक के सीने पर पर जिस युवती का जिक्र था, वह उसकी पहली प्रेमिका थी। शादी होने के बाद दोनों के संबंध टूट गए थे। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिनों से मुन्ना का संबंध कसया की रहने वाली एक अन्य युवती से हो गया था। दोनों की प्रेम कहानियां लोगों के जुबान पर थी। कुछ दिनों से वह युवती अपने मायके रुद्रपुर इलाके के एक गांव में आई थी। मृतका की पत्नी शिवकुमारी का आरोप है कि देवरिया आने के बाद मुन्ना की हत्या की गई और शव को ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस जांच कर रही है। शहर कोतवाल ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। हत्या की वजह साफ हो गई। घटना में कौन लोग शामिल थे। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।