देवरिया मे पकडे़ गए पांच बाइक लुटेरे।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। लूट की बाइक के साथ पुलिस ने पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया हैं। लूटपाट गिरोह से ताल्लुक रखने वाले चार युवकों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी काफी कम उम्र के है। शौक पूरा करने के लिए बाइक लूट करते थे। कुछ तो पहले ही घटना में पकड़ लिए गए।
शहर कोतवाली के रजला गांव निवासी कृष्ण कुमार यादव शनिवार की रात बाइक से कहीं जा रहे थे।
अवराचौरी, पॉलीटेक्निक के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने कृष्ण कुमार की बाइक को रोक ली। धमकी देकर बाइक और दो मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। सीओ सिटी डॉ. अजय सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शहर कोतवाल अनिल पांडेय फोर्स के साथ भ्रमण पर थे। इसी दौरान किसी ने चिरैया ढाले के पास संदिग्ध युवकों के मौजूद होने की सूचना दी। सुबह सात बजे के करीब पुलिस ने जब दबिश दी तो एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे, जहां कुछ लोग पहले से मौजूद थे।
मामला संदिग्ध होने पर सभी से पूछताछ की गई। उनकी पहचान मेहड़ापुरवा निवासी आकाश चौहान पुत्र वकील, मोनू यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव, पुरवां चौराहा निवासी दीपक यादव पुत्र सुग्रीव, राजुकार चौहान पुत्र दुर्गेश और रामपुर कारखाना के गुदरी बाजार निवासी शेरा वर्मा के रुप में हुई। उन्होंने बताया कि बाइक को पॉलीटेक्निक के पास लूटा गया था।
जिसे बेचने के लिए महक उर्फ अविरल, राजू, विश्वजीत और अभिषेक लगे थे। उन्हीं को चिरैया ढाले के पास इंतजार किया जा रहा था। पुलिस ने लूट की बाइक के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।