कोतवाली क्षेत्र के पिपरा भानमती गांव के पास खड़े ट्रक में बाइक सवार युवक ने पीछे से टक्कर मार दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के ससुराल और घरवालों को सूचना दे दी। गोरखपुर, बड़हलगंज के पिढ़नी गांव के 30 वर्षीय राजकमल शनिवार की रात आठ बजे सलेमपुर कोतवाली के नवलपुर गांव स्थित ससुराल जा रहा था। वह कोतवाली क्षेत्र के ही पिपरा भानमती गांव के पास पहुंचा था। यहां सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। अनियंत्रित होकर उसने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि राजकमल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुछ लोगों ने घटना की जानकारी सलेमपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पॉकेट में मिले कागज और मोबाइल से उसके परिवार और ससुरालवालों को सूचना दे दी है। सूचना मिलने के बाद ससुराल के लोग घटनास्थल के लिए चल दिए थे। सलेमपुर कोतवाल रामअवतार यादव का कहना है कि युवक बाइक से आ रहा था। उसकी बाइक खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गई। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिवार और ससुरालवालों को सूचना दे दी गई है।