सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में देवर ने भाभी के साथ दुराचार की कोशिश की। विरोध करने पर भाभी की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसके पति बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। परिवार से अलग रह रहा देवर उसके प्रति बुरी नियत रखता है। वह आते-जाते छेड़खानी करता है और फब्तियां कसता है। मना करने पर वह नहीं मानता है। महिला ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम को वह घर से बाहर गई हुई थीं। अकेला देखकर देवर भी पीछे-पीछे आने गला। गांव के बाहर कुछ दूर पर ही उसने पकड़ लिया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। महिला के पुरजोर विरोध की वजह से वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। इससे नाराज होकर उसने जमकर पिटाई कर दी। महिला के चिल्लाने पर गांव के लोग दौड़कर आए। लोगों को आता देखकर आरोपी भाग निकला। पीड़ित महिला ने उपचार के बाद सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल गोपाल त्रिपाठी का कहना है कि महिला ने देवर के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास करने की तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। देवर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।