सोमवार शुरू होने वाली परीक्षा का प्रवेश पत्र लेने डॉयट पहुंचे बीटीसी प्रशिक्षु कार्यालय पर ताला लटका देखकर भड़क गए। आक्रोशित प्रशिक्षुओं ने डॉयट के सामने ही देवरिया-कसया मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम हटवाने के दौरान उनकी पुलिस से भी नोंकझोंक हुई। प्राचार्य के शाम तक प्रवेश पत्र दिए जाने के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। विशिष्ट बीटीसी 72825 के भर्ती के दूसरे बैच की परीक्षा सोमवार से गोरखपुर के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में होगी। शनिवार को दिन के 11 बजे से प्रशिक्षुुओं को प्रवेश पत्र देने के लिए बुलाया गया था। 12 बजे तक डॉयट कार्यालय पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो प्रशिक्षुओं ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि प्रवेश पत्र के लिए 11 बजे ही बुलाया गया था। जिले के अलावा यहां अलीगढ़, फिरोजाबाद, संभल, मैनपुरी, कानपुर, इलाहाबाद, लखनऊ, मेरठ आदि जिलों के प्रशिक्षु यहां प्रवेश पत्र लेने पहुंचे थे। उनका कहना था कि दूर के रहने वाले हैं, यदि आज प्रवेश पत्र नहीं मिला तो गोरखपुर जाकर कैसे व्यवस्था कर पाएंगे? नाराज प्रशिक्षुओं ने बांस-बल्ली रख देवरिया-कसया मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर एसआई मयफोर्स मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम हटवाने की कोशिश की, लेकिन प्रशिक्षु नहीं माने। इस पर उन्होंने कड़ा रूख अख्तियार किया तो प्रशिक्षुओं से उनकी नोंकझोंक हो गई। प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि इलाहाबाद में उन्हें 10 बजे प्रवेश पत्र मिला है। वह आ रहे हैं। शाम से प्रवेश पत्र का वितरण शुरू हो जाएगा। इस पर प्रशिक्षु मान गए और जाम समाप्त हो गया। तीन बजे तक इंतजार करने के बाद अशिकांश प्रशिक्षु चले गए। शाम पांच बजे से प्रवेश पत्र का वितरण शुरू हो गया।