गौरीबाजार। निरंकारी ज्वैलर्स में तिजोरी तोड़ रहे बदमाश विरोध करने पर हवाई फायरिंग कर भाग निकले। दुकान से करीब 60 हजार रुपयेे का सामान उठा ले गए। हड़बड़ी में भागे बदमाश मौके पर गैस कटर और दो छोटा सिलिंडर भी छोड़ गए।
पुलिस ने दुकान के भीतर से दो जोड़ी जूते, पैंट, शर्ट, जैैकेट, दो मोबाइल फोन, चार सिम, बाइक के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है।
पथरहट गांव के रामजी वर्मा की शिवनगर मोहल्ले में आभूषण और बर्तन की दुकान है। शुक्रवार की शाम को वह दुकान बंदकर गांव चले गए। रात के करीब दो बजे बदमाशों ने दुकान के पिछले हिस्से में सेंध काटकर अंदर प्रवेश किया। वे गैस कटर से तिजोरी काटने लगे। कामयाबी नहीं मिलने पर उसे तोड़ रहे थेे।
इसी दौरान शादी समारोह से लौट रहे कुछ लोगों ने दुकान के अंदर से आ रही खटपट की आवाज की जानकारी मोहल्ले वालों को दी। जिससे लोग एकत्र हो गए। ललकारने पर चोर हड़बड़ी में सेंध के रास्ते से भागने लगे। लोगों ने दौड़ाया तो बदमाश फायरिंग करने लगे। इससे लोग सहम गए। दूसरी तरफ से भी कुछ लोगों ने घेराबंदी की।
फिर भी चोर भाग निकले। बदमाश 15 हजार नकदी, 100 ग्राम चांदी और कुछ सोने के जेवर उठा ले गए। दुकानदार ने बताया कि बदमाश 60 हजार रुपये का सामान उठा ले गए। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच में जुटी है।