देवरिया। बरहज थानाक्षेत्र के परसिया देवार गांव के रहने वाले बदमाश रामप्रवेश यादव को जिला बदर कर दिया गया है। डीएम ने यह कार्रवाई की है। परसिया देवार गांव निवासी बदमाश रामप्रवेश यादव पर लूट, हत्या, पशु तस्करी, बालू खनन और शराब तस्करी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसकी क्रियाकलाप से गांव और क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त रहता है। उसके खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पिछले दिनों एसपी एन. कोलांचि ने उसके विरुद्ध डीएम को रिपोर्ट दी थी। डीएम अमित किशोर ने बदमाश रामप्रवेश यादव पर जिला बदर की कार्रवाई की है। अब वह छह महीने तक जिले की सीमा में नहीं आ सकेगा। जिलाधिकारी ने पुलिस को आदेश दिया है कि अगर इस बीच वह जिले की सीमा में प्रवेश करने की कोशिश करे तो गिरफ्तार कर लिया जाए। एसपी एन. कोलांचि का कहना है कि डीएम ने रामप्रवेश के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। बरहज पुलिस ने उसे जिले की सीमा के बाहर पहुंचा दिया है।