गैस गोदाम के पास शव छोड़कर चालक भागा
गुजरात में तबीयत खराब होने पर उसे ले आ रहे थे घर
गोंडा के पास ट्रेन में हुई थी मौत, साथ आए युवकों के पास मिला रेल टिकट
अमर उजाला ब्यूरो
बरहज। नगर के बाईपास पर स्थित एक गैस गोदाम के पास एक चार पहिया वाहन का चालक एक शव उतारकर भाग गया। शव के साथ आए तीन युवक मृतक के गांव के पते की तलाश में लगे थे। बताया जा रहा है कि युवक की गुजरात में तबीयत खराब हो गई थी। साथी उसे घर ले जा रहे थे कि गोंडा के पास ट्रेन में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने साथ आए युवकों के पास से रेल टिकट बरामद किया है। देर शाम तक युवक के पते की तलाश करने में पुलिस जुटी रही।
गुजरात के सिलवासा में रवि साहनी (25) पुत्र निर्मल साहनी सब्जी बेचता था। साथ आए ओझौली गांव निवासी उमेश यादव, दामोदरपुर रोहतक, बिट्टू सिंह और एक अन्य साथी का कहना है कि रवि बांसगांव थानाक्षेत्र के पक्कनपुरा का निवासी है। करीब 12 साल पूर्व घर से भागकर गुजरात गया था। करीब एक सप्ताह से रवि तबीयत ज्यादा खराब थी। उसे चिकित्सकों ने जवाब दे दिया था। ट्रेन से उसके घर ले जाया जा रहा था। देवरिया से बांसगांव तक के लिए चार हजार रुपये में गाड़ी तय की थी, मगर चालक बीच रास्ते में शव छोड़कर भाग गया। इस संबंध में प्रभारी एसओ जेपी सिंह यादव ने बताया कि साथ आए साथियों को उसके घर का पता नहीं चल पा रहा था। पहचान होने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।