देवरिया। सदर कोतवाली पुलिस ने छह माह पुराने मामले में चार लोगों के खिलाफ षड्यंत्र कर हत्या करने का केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई एसपी के आदेश पर की गई है। भलुअनी थानाक्षेत्र के गड़ेर गांव के रहने वाले नारायण कुशवाहा के बेटे राजेश की इसी साल छह मई को हत्या कर दी गई। उसका शव सदर कोतवाली इलाके के अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन के किनारे मिला था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव का शिनाख्त कराई। इस संबंध में मृतक के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। बार-बार प्रार्थना-पत्र देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थक-हार कर पीड़ित ने एसपी राकेश शंकर से मिलकर मामले की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने भलुअनी के गड़ेर गांव के रहने वाले राजन, रामअवध, मनीष और श्रीराम के खिलाफ षड्यंत्र कर हत्या करने का केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल राय साहब यादव का कहना है कि एसपी के निर्देश पर मामले में केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपी मृतक राजेश के गांव के ही रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।