सलेमपुर। शराब के नशे में धुत दूल्हा को देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। मामला बढ़ता देख ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष के बीच पंचायत हुई। लेकिन बात नहीं बन पाई। बारात बैरंग लौट गई। दुल्हन के निर्णय पर गांव में पूरे दिन चर्चा होती रही। कोतवाली थाना के एक गांव में रविवार की रात बरहज थानाक्षेत्र के एक गांव से बारात आई थी। दूल्हे ने शराब पी रखी थी। द्वारपूजा के बाद दूल्हा चारपाई पर सो गया। घराती दूल्हे को जयमाल के लिए बुलाने लगे। तब तक बारातियों और घरातियों को पता चला कि दूल्हा नशे में है। यह जानकारी होते ही दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। घरातियों ने दूल्हे के पिता को बैठाकर शादी नहीं होने की बात कर सामान वापस करने की बात कही। दो पक्षों में कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ता देख ग्राम प्रधान राधेश्याम यादव ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। दुल्हन की सहमति से पुलिस की मौजूदगी में समान वापस करने व शादी नहीं होने का सुलहनामा बनाया गया। कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि दूल्हा शराब के नशे में था। इसका विरोध दुल्हन के घर वालों ने किया। पंचायत के बाद बारात लौट गई।