फोटो समाचार
स्टेशन पर चोरी की पांच मोबाइल के साथ एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर/भटनी। जीआरपी और सीआईबी ने संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन पर निगरानी के दौरान एक व्यक्ति को चोरी की पांच मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
सीआईबी प्रभारी संजय राय ने बताया कि गोरखपुर-छपरा रेलखंड पर रेलगाड़ियों में यात्री सामानों की निगरानी के दौरान एक शातिर चोर के सक्रिय होने की सूचना लगातार मिल रही थी। इस पर जीआरपी एसओ संतोष यादव के साथ सोमवार को भटनी स्टेशन से विशाल मद्धेशिया निवासी वार्ड नंबर 9 थाना सलेमपुर को चोरी की पांच मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने ट्रेनों में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि अपने साथियों के साथ गोरखपुर-छपरा, छपरा-वाराणसी, भटनी- वाराणसी आदि रेलमार्गों पर ट्रेनों में सफर कर यात्रियों के महंगे लैपटॉप, मोबाइल, लेडीज पर्स, कीमती सामान, लगेज की चोरी करते हैं। पूछताछ में उसने कई ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल, लैपटॉप, लेडिस पर्स सहित गहने आदि की चोरी करने की बात स्वीकार की। विशाल पर बलिया जीआरपी में जहरखुरानी और चोरी का मुकदमा दर्ज है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम प्रकाश में आए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।