रामपुर कारखाना। घर में घुसकर दलित किशोरी से दुष्कर्म और उसका वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों पर मारपीट, धमकी देने, दुष्कर्म व आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है।
रामपुर कारखाना के हेतिमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित एक गांव में गुरुवार की रात 15 वर्षीय किशोरी कमरे में अकेले सो रही थी। उसकी मां और छोटा भाई दूसरे कमरे में थे। इसका फायदा उठा कर गांव निवासी युवक घर में घुस गया और जबरन मुंह दबा कर किशोरी से दुष्कर्म किया। इसका वीडियो तैयार कर वायरल कर दिया। रविवार की देर रात पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर युवक, उसकी मां और बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर अजय कुमार ओझा ने कहा कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।