देवरिया। राघवनगर मोहल्ले में रविवार की रात तमंचा दिखाकर महिलाओं से छेड़छाड़ करते पकड़े गए युवक का पुलिस ने गांजा में चालान किया है। युवक के पास मिले तमंचे का भी पुलिस जिक्र नहीं कर रही है। चर्चा तो यह भी है कि दहशत फैलाने के लिए उसने हवाई फायरिंग भी की थी।
राघवनगर दुर्गा मंदिर के पास रविवार की रात आठ बजे तीन युवक तमंचे के बल पर आने-जाने वाली महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहे थे। वहां पहले से मौजूद एक सिपाही ने एसपी को इसकी सूचना दी। एसपी राकेश शंकर के निर्देश पर कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और हॉक दस्ते ने एक साथ घेराबंदी की। इस दौरान दो युवक भाग गए, लेकिन पुलिस ने अभिषेक यादव को तमंचे के साथ पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की बात मानें तो सभी युवक रोजाना ऐसी हरकत करते थे। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने खोराराम के रहने वाले अभिषेक यादव को एक किलोग्राम गांजा दिखाकर चालान कर दिया। सदर कोतवाल सत्येंद्र पांडेय का कहना है कि युवक कहीं गांजा लेकर जा रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ कर जानकारी ली गई है और चालान कर दिया गया।