देवरिया। गौरीबाजार के सिरजम गांव की प्रेमशीला 20 की चाकू से गोंदकर हत्या करने के आरोपी सुरेंद्र पर इनाम घोषित करने की तैयारी है। एसपी ने फाइल तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। आरोपी का मोबाइल बंद होने की वजह से पुलिस अब तक उसका सुराग नहीं लगा पाई है।
सिरजम गांव की प्रेमशीला की शादी 23 अप्रैल को तय थी। शादी से नौ दिन पहले ही रविवार की देर शाम चौराहे से कुछ ही कदम की दूरी पर चाकू से गोंदकर उसकी हत्या कर दी गई। पिता रामदरश कन्नौजिया की तहरीर पर गौरीबाजार पुलिस ने बलिया के रहने वाले सुरेंद्र नाम के युवक पर हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस उसकी तलाश में बलिया पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। उसने अपना मोबाइल बंद रखा है, इसलिए उसका लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रहा। पुलिस की अब तक की गई जांच में पता चला है कि प्रेमशीला पुलिस भर्ती परीक्षा में बलिया गई थी। वहीं आरोपी युवक सुरेंद्र से जान-पहचान हुई। घटना के चार दिन बाद एसपी ने आरोपी सुरेंद्र पर इनाम घोषित करने की तैयारी शुरू करा दी। उन्होंने फाइल तैयार करने का निर्देश दे दिए हैं। इस बाबत एसपी का कहना था कि जल्द ही सुरेंद्र पर इनाम घोषित किया जाएगा। पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है