देवरिया। ट्वीटर पर की गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी एन. कोलांचि ने सदर कोतवाली के करौंदी चौकी इंचार्ज समेत सभी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसआई बृजेश दुबे को करौंदी चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एक मामले में खुखुंदू थाने में तैनात दो सिपाहियों को एसपी ने लाइन हाजिर किया है। सदर कोतवाली की करौंदी चौकी बिहार की सीमा से लगी है। शुक्रवार को किसी ने ट्वीटर पर करौंदी चौकी के सभी कर्मचारियों पर अवैध वसूली से संबंधित शिकायत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी एन. कोलांचि ने चौकी इंचार्ज भरत राय, हेड कांस्टेबल जंगली प्रसाद भारती और राजनाथ सिंह, कांस्टेबल उमेश यादव और विजय राय को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह पर बृजेश दुबे को करौंदी चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, खुखुंदू थानाक्षेत्र के शेरवा बभनौली गांव युवक ने दो सिपाहियों पर विवाद के मामले में रुपये लेने की शिकायत एसपी से की थी। एसपी ने मामले की जांच कराया तो मामला सही पाया गया। इस पर एसपी एन. कोलांचि ने शुक्रवार को खुखुंदू थाने में तैनात हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार और कांस्टेबल अखिलेश दुबे को लाइन हाजिर कर दिया।