सलेमपुर कोतवाली बालिका के अपहरण का पर्दाफास करते सीओ
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। चार दिन पूर्व क्षेत्र के गोपालपुर कुर्मी टोला से अपहृत बालिका को पुलिस ने गुरुवार को पिवकोल गांव के पास से बरामद किया। तीन अपहर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया। उनके पास से बाइक, मोबाइल और चाकू भी मिले हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सीओ शितांशु यादव ने गुरुवार को कोतवाली में अपहरण का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार की रात गोपालपुर कुर्मी टोला गांव में बुआ के घर आई रामपुर कारखाना के हरैया बसंतपुर निवासी श्रीकिशुन की आठ वर्षीय बेटी का अपहरण हो गया था। बदमाशों ने फिरौती के रूप में दो लाख नकद व जेवरात की मांग की थी। बालिका के पिता की तहरीर पर बुधवार को इस मामले में अपहरण का केस दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक श्याम बिहारी हमराहियों के साथ इसकी छानबीन में लगे थे। इसी दौरान मुखबिर ने बालिका संग अपहर्ता के पिवकोल के पास मौजूद होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने चिह्नित शख्स को दबोच लिया। पूछताछ में वह अपना नाम सुशील कुमार पटेल निवासी साकेतनगर देवरिया बताया। कड़ाई से पूछने पर उसने अपहरण की घटना संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि उसके साथ गोपालपुर कुर्मी टोला निवासी अरविंद पटेल व सोनू पटेल भी इसमें शामिल हैं। उन्हीं के पास बालिका मौजूद है, जो थोड़ी ही देर में यहीं पर लेकर आने वाले हैं। बताया कि सोमवार की रात करीब 11 बजे गांव निवासी छोटू के घर चोरी की नीयत से घुसे थे। वहां बालिका पर नजर पड़ी तो उसे उठा लिया गया। इसके बाद घरवालों से दो लाख नकद व डेढ़ लाख रुपये के आभूषण की मांग की गई। पिवकोल के पास वह परिजनों के आने का ही इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने कुछ देर बाद अरविंद पटेल व सोनू पटेल को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके चंगुल से बालिका को मुक्त कराया। उनके पास से बाइक, चोरी की मोबाइल और एक चाकू बरामद हुआ। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल श्याम बिहारी, एसआई योगेंद्र यादव, कांस्टेबल कमलेश यादव, अरविंद यादव, किरन वर्मा, हेड कांस्टेबल सुदेश यादव शामिल रहे।
चोरी की मोबाइल के साथ चोर गिरफ्तार
सलेमपुर। कोतवाली पुलिस व साइबर सेल ने गुरुवार को नवलपुर तिराहे से एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की आधा दर्जन मोबाइल बरामद की गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के अहिरौली लाला गांव निवासी भीम गोंड़ पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया।