भाटपार रानी के वार्ड नंबर 11 बापू रोड निवासी मृतक बलबीर प्रसाद के रोते बिलखते परिजन व बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
भाटपाररानी/लार। लार थाना अंतर्गत रामनगर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक अन्य युवक जख्मी हो गया है। उसे लार सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है।
भाटपाररानी नगर के वार्ड नंबर 11 बापू रोड निवासी बलबीर प्रसाद (32) व अविनाश उर्फ बंटी (30) मंगलवार शाम लार नगर के हरिजन बस्ती में अपने रिश्तेदार के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात भोजन कर वह भाटपाररानी के लिए बाइक से निकले। अभी वह लार-भाटपाररानी मार्ग पर रामनगर गांव से आगे अकटही पुल के पास पहुंचे थे। तभी पीछे से आ रही अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये। हादसे में मौके पर ही बलबीर प्रसाद की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी लार पहुंचाया गया, जहां बलबीर प्रसाद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद बंटी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।