मेहरौनाघाट। लार थाना के कुंडावल तारा गांव में गुरुवार शाम पार्क से अंबेडकर का फोटो और झंडा हटाने के बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। सूचना पर एसओ लार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। दो पक्षों में तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। कुंडावल तारा गांव के उतर ब्रह्म का स्थान है। बगल में दलितों ने कुछ दिनों पहले बांस का खंभा लगाकर अंबेडकर का फोटो लगा दिया था। मंदिर के बगल में पोखरा है, जहां छठ स्थान है। गुरुवार शाम छठ पूजा करने गांव की महिलाएं आईं। कुछ युवकों ने खंभे पर लगे अंबेडकर के फोटो को हटा दिया। यह जानकारी जब दलित वर्ग को हुई तो पुरुष व महिलाएं लाठी-डंडा लेकर फोटो हटाने वाले युवकों को खोजने लगीं। यह देख दूसरे पक्ष के लोग भी एक तरफ खड़े हो गए। तनाव की स्थिति बन गई। किसी ने पुलिस को दी। एसओ भीष्मपाल सिंह पुलिस बल के अलावा पीएसी के साथ कुंडावल तारा गांव पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस भूमि पर न्यायालय में केस चल रहा है। एक पक्ष का कहना है कि यह भूमि ग्रामसभा की है, जबकि दलित समाज अंबेडकर पार्क की भूमि बता रहा है। एसओ ने बताया कि मामला न्यायालय में है। मौके पर यथास्थिति बनी रहेगी। गांव में शांति कायम रखने के लिए पीएसी तैनात कर दी गई है।