रुद्रपुर देवरिया मार्ग पर कोइलगढ़हा गांव में मुख्य सड़क पर खुली किराने की दुकान
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। क्षेत्र के कोइलगढ़हा गांव में किराने की दुकान से कच्ची शराब बनाने की सामग्री बेचने का खुलासा हुआ। आबकारी विभाग की छापामारी में दुकान के अंदर से महुआ, गुड़, फिटकिरी, प्लास्टिक, पाउच, जरीकैन बरामद हुए। पुलिस ने दुकान से महिला कारोबारी को हिरासत में लिया। उसका पति आबकारी टीम के पहुंचने से पहले ही भाग गया। पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज किया है।
आबकारी इंस्पेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि रुद्रपुर-देवरिया मार्ग पर स्थित कोइलगढ़हा गांव में एक किराने की दुकान है। इस दुकान के दूसरे कमरे में कच्ची शराब बनाने में प्रयोग होने वाले सभी सामान बेचे जाते थे। मुखबिर की सूचना पर दोपहर दो बजे आबकारी टीम ने छापामारी की। उन्होंने सूचना रुद्रपुर एसडीएम को दी। रुद्रपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दुकानदार सुनील गुप्ता मौके से भाग गया। उसकी पत्नी ऊषा दुकान में बैठी थी। महिला कारोबारी ने भागने का प्रयास किया तो महिला पुलिस ने धर दबोचा। किराने की दुकान से 40 बोरी गुड़, दो बोरी फिटकिरी, 30 बंडल प्लास्टिक का पाउच, आठ बोरी महुआ, दस जरीकैन और करीब चार क्विंटल लकड़ी मिली। आबकारी विभाग की कार्रवाई से गांव में अन्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पति, पत्नी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।