सेक्रेट्री से लूट के मामले में तीन से पूछताछ
- रावतपार अमेठिया गांव के समीप एक माह पूर्व सेक्रेट्री से हुई थी लूट
- बारात में आए भाटपाररानी के युवकों ने दिया था घटना को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
लार। सेक्रेट्री से लूटपाट करने वाले बारात में आए लुटेरों के करीब पुलिस पहुंच गई है। तीन युवकों को हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही है। जबकि, तीन युवक अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र के रामवतपार अमेठिया गांव में 27 जून की रात भाटपाररानी थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव से बारात आई थी। रामनगर गांव निवासी सेक्रेट्री अनिल शाह भी इस शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 9.30 बजे लौटते वक्त भाटपाररानी-लार मार्ग पर रावतपार अमेठिया गांव के सामने बारात में शामिल आधा दर्जन युवकों ने सेक्रेट्री को जबरन रोका। पिटाई कर युवकों ने उसका पर्श और गले से सोने का चेन लूट लिया। पर्स में 14000 रुपये था। इसकी बाइक भी लूटने का प्रयास युवकों ने किया लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुई तो चाबी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से लूट में शामिल युवकों को ट्रेस किया है। आरोपी युवक विशुनपुरा गांव के रहने वाले हैं और उस रात बारात में आए थे। लूट से पूर्व बारात में आए युवकों ने भोजन के लिए लड़की पक्ष के दरवाजे पर भी विवाद किया था। लूट की वारदात में आधा दर्जन युवकों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अभी तीन और युवकों की तलाश कर रही है जो घर छोड़कर घटना के दिन से फरार है। एसओ श्रवण कुमार यादव ने बताया कि लूट की वारदात में शामिल युवकों के करीब पुलिस पहुंच चुकी है। बहुत जल्द घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।