देवरिया। 30 मई से गायब श्रीराम यादव का शव भरथा पट्टी ईंट-भट्ठा के पास बनी पानी टंकी में मिलने से गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को टंकी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पिपरापट्टी निवासी 30 वर्षीय श्रीराम यादव 30 मई को गांव के कुछ लोगों के साथ बगल के गांव भरथापट्टी स्थित एक ईंट-भट्ठे पर शराब पीने गया था, तभी से वह गायब था। साथ गए लोग वापस घर चले आए थे। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इस बीच पुलिस ने गांव के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। इसके बाद भी श्रीराम के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी। रविवार की शाम छह बजे भरथापट्टी ईंट-भट्ठा के बगल में नवनिर्मत पानी की टंकी में उसका शव कुछ लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को टंकी से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।