देवरिया। शहर के नाथनगर मोहल्ले के एक मकान में दो किराएदारों के घर में नकदी समेत दो लाख रुपये से अधिक की चोरी हो गई। रविवार को जानकारी होने पर दोनों पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाली पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सदर कोतवाली इलाके के अहिलवार बुजुर्ग गांव निवासी मनीष मिश्र पुत्र स्वर्गीय जोखन मिश्र और समोगर गांव के जीतेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय रामअवतार सिंह शहर के नाथनगर मोहल्ले में ज्ञानती देवी पत्नी स्वर्गीय रामप्रताप तिवारी की मकान में किराए पर रहते हैं। शनिवार रात को अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। जीतेंद्र सिंह की पत्नी नीतू सिंह का सोने का चेन, कान का झाला, मंगलसूत्र, एक जोड़ी बाली, दो अंगूठी, चांदी का तीन जोड़ी पायल और 35 हजार रुपये नकदी चुरा ले गए हैं। वहीं मनीष मिश्र का 20 हजार रुपये नकदी चोरी हुआ है। दोनों पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी सदर कोतवाल राजवीर सिंह यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।