लार (देवरिया)। नगर के एक शख्स को फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ का आपत्तिजनक फोटो शेयर करना महंगा पड़ गया। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। पूर्व में भी उसने दो बार आपत्तिजनक फोटो शेयर किया था। तब लोगों ने समझाकर मामले को शांत कराया था। नगर के एक शख्स ने दो दिन पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ और भाजपा के नेताओं की आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर शेयर की थी।
जैसे ही इसकी जानकारी हियुवा के नेताओं को हुई, वे भड़क गए। कुछ ही देर में नाराज कार्यकर्ता हियुवा के जिला मंत्री अरुण सिंह के नेतृत्व में थाने पहुंच गए। आरोपी शख्स की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह गौर ने बताया कि आफताब आलम के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।