देवरिया। मंगलवार की रात साढ़े सात बजे तेज रफ्तार ट्रक ने रेलवे स्टेशन के मेन गेट के सामने युवक को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद भी चौकी पर मौजूद सिपाही मौके पर नहीं पहुंचे।
बताया रहा है कि 18 वर्षीय अज्ञात युवक रेलवे स्टेशन गेट से सड़क की तरफ आ रहा था। इसी दौरान शहर से गोरखपुर ओवरब्रिज की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ने उसे कुचल दिया। ट्रक के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटनास्थल चौकी से महज 10 कदम की दूरी पर है। लोगों ने यहां मौजूद सिपाहियों को सूचना दी, लेकिन सिपाही मौके पर जाने की जहमत नहीं उठाए। आसपास के लोगों ने क्षत-विक्षप्त शव को कपड़े से ढक दिया। सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। करीब आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। सदर कोतवाल का कहना है कि ट्रक से कुचलकर अज्ञात युवक की मौत हो गई है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के वाहन से लगी ठोकर, युवक गंभीर
देवरिया। शहर के भटवलिया चौराहे पर मंगलवार की देर शाम को पुलिस के वाहन से ठोकर लगने से रामपुर कारखाना के गौरा गांव के अनुभव 18 पुत्र गौरव राय गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।