पूरी रात समीक्षा करते रहे एडीजी क्राइम
अपनी अनुपस्थिति में हुई जांच के बारे में ली जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। एसआईटी के एडीजी क्राइम संजय सिंघल ने लौटने के बाद सहयोगियों संग पूरी रात मीटिंग की। चार दिन में टीम के सदस्यों की ओर से की गई जांच के बारे में जानकारी ली। कुछ नए बिंदु पर भी चर्चा कर जांच को उस दिशा में भी आगे बढ़ाने की बात हुई।
देवरिया बालिका गृह कांड की जांच एसआईटी कर रही है। इस टीम में एडीजी क्राइम मेरठ संजय सिंघल, एसपी पीटीसी मेरठ पूनम, एसपी विजलेंस भारती सिंह शामिल हैं। दो दिन की जांच के बाद एडीजी 11 अगस्त को हाईकोर्ट में जांच रिपोर्ट देने गए थे। हालांकि हाईकोर्ट इस जांच से संतुष्ट नहीं है। जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए गए। बृहस्पतिवार की शाम को एसआईटी के एडीजी संजय सिंघल देवरिया लौट आए। यहां आने के बाद उन्होंने दोनों सहयोगियों संग मीटिंग शुरू की। यह मीटिंग भोर में चार बजे तक चली। सूत्रों की मानें तो एडीजी ने चार दिन में की गई जांच के बारे में जानकारी ली। साथ ही हाईकोर्ट से पूछे गए कुछ सवालों का जवाब भी ढूंढने में लगे रहे। अगली तारीख पर एसआईटी को हाईकोर्ट में अपना लिखित पक्ष रखना है।
दो नए एएसपी आए, जांच में करेंगे सहयोग
एसआईटी की जांच में दो लखनऊ से दो नए एएसपी आए हैं। वे इस टीम के सदस्य तो नहीं हैं, लेकिन जांच में उनके साथ रहकर सहयोग करेंगे। बताया जा रहा है कि दोनों एएसपी के आने से जांच तेज गति से होगी। एसआईटी मामले की जांच को जल्द पूरा करना चाहती है।
एसटीएफ में भी पुलिस वालों की संख्या बढ़ी
देवरिया। बालिका गृह कांड में एसआईटी के सहयोग में लगी गोरखपुर एसटीएफ में पुलिसबल की संख्या बढ़ी है। बताया गया है कि एसटीएफ के कुछ और जवान देवरिया आए हैं। बताया जा रहा है एसटीएफ ने गिरिजा के मोबाइल का सीडीआर निकलवाया है। उनसे हुई बातचीत के नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। अधिक बार और लंबे कॉल अवधि वाले मोबाइल के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसमें जिले से लेकर लखनऊ और दिल्ली के कई लोगों के भी नंबर हैं।