गौरीबाजार। स्थानीय पुलिस को रविवार की दोपहर में एक बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने हरेरामपुर स्थित एक मुर्गी फार्म में छापामारी कर लगभग पांच लाख रुपये कीमत का देशी और अंग्रेजी शराब बरामद किया। पुलिस के अनुसार यह शराब पंजाब से मंगायी गई थी जो बिहार भेजी जानी थी। सूचना मिलते ही मुर्गी फार्म मालिक फरार हो गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली की हरेरामपुर गांव में रेल लाइन के किनारे स्थित निगम सिंह पुत्र राजाराम सिंह के मुर्गी फार्म से बड़े पैमाने पर अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही एसआई राममोहन सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल राजेश राय, कैलाश प्रसाद, दिव्यशंकर राय आदि की टीम ने मुर्गी फार्म में छापा मारा। मुर्गी फार्म के दाहिने हिस्से में चहारदीवारी से सटे बड़े पैमाने पर शराब की पेटियां रखी गई थी। पुलिस ने इसे बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार शराब की 120 पेटियां मिली। प्रत्येक पेटी में 180 मिलीलीटर की 48 बोतलें थीं। अंग्रेजी शराब की बोतल पर एनबी डिस्ट्रीलरीज ब्रेवरीज प्राइवेट लिमिटेड पंजाब एक्साइज ग्रुप और क्रेजी रोमियो व्हिस्की अंकित था। जिन की अनुमानित कीमत पांच लाख से अधिक बताई गई है। पुलिस एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।