ताला बंद घर में नकदी समेत चार लाख की चोरी
शहर के रामगुलाम टोला में हुई चोरी की घटना
तरकुलवा के पथरदेवा कस्बा की रहने वाली है पीड़ित महिला
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। शहर के रामगुलाम टोला मोहल्ले में ताला बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। 50 हजार रुपये नकदी समेत चार लाख रुपये का सामान समेट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तरकुलवा थानाक्षेत्र के पथरदेवा कस्बा की रहने वाली सुमन शहर के एक निजी विद्यालय में शिक्षक है। पति संजय के साथ वह शहर के रामगुलाम टोला में किराए के मकान में रहती है। किसी वजह से वह अपने एक रिश्तदार के घर गई थी। इससे उनके किराए के मकान में ताला बंद था। सोमवार की सुबह मकान मालकिन ने देखा कि किराएदार सुमन के कमरे का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने मामले की जानकारी सुमन को दी। सुमन के पति संजय पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि 50 हजार रुपये नकदी, सोने की अंगूठी, हार, कान की बाली और अन्य सामान चोरी हुआ है। इसकी कीमत चार लाख रुपये से अधिक है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच-पड़ताल की। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।