मदनपुर बवाल के आरोपी को जेल भेजती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। मदनपुर कस्बे के कुटिया मोहल्ला निवासी रहमतुल्ला का शव बीते चार जनवरी 2017 की सुबह राप्ती नदी में मिला था। शव देखकर उग्र भीड़ ने एक दुकान के पास खड़े ट्रक और थाने में आग लगा दी थी। मदनपुर कांड में फरार चल रहा आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जिसे पुलिस ने जेल भेज दिया। वह 13 माह से वेश बदलकर रह रहा था। रहमतुल्ला शौच करने के लिए नदी के किनारे गया था। जहां से वह गायब हो गया था। परिवारीजनों ने उसके गायब होने की सूचना पुलिस को दही थी। चार दिन बाद उसका शव केवटलिया गांव के पास नदी में उतराता मिला। इसको लेकर लोग उग्र हो गए। उपद्रवियों ने केवटलिया गांव में तोड़फोड़ करने के साथ थाने पर धावा बोल दिया था। जबकि थाने को आग के हवाले करने के साथ असलहे आदि लूट ले गए थे। तत्कालीन प्रभारी थाना निरीक्षक शोभा सिंह सोलंकी की तहरीर पर पुलिस ने 43 नामजद और 1000 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया था। सूत्रों की मानें तो आरोपी अली मोहम्मद का लोकेशन बिहार, गोरखपुर और कलकत्ता होना बता रहे थे। मुखबिर द्वारा उसके गांव आने की सूचना पर थानाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसआई मनोज, सुदेश शर्मा, बाबूलाल, दयानंद उपाध्याय, लक्ष्मीशंकर आदि ने घेराबंदी कर चौराहे से धर दबोचा। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।