अपहरण की सूचना पर हलकान रही पुलिस
अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर भाग निकला अपहृत युवक
अमर उजाला ब्यूरो
घांटी बाजार। भटनी के घांटी थवइटोला के युवक की अपहरण की सूचना पर पुलिस परेशान रही। रात में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं अगवा युवक अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर भाग निकला। घांटी थवईटोला का रामनगीना उर्फ प्रदीप प्रसाद शुक्रवार रात सात बजे घर से गांव के दुकान पर कुछ सामान लेने की बात कह कर निकला। लेकिन दुकान बंद होने के चलते वह घाटी चौराहे पर जाने लगा। अभी वह गांव के मोड़ के पास पहुंचा था कि कुछ लोग बाइक से आए और मारपीट कर जबरन बाइक पर बैठा लिए और मोतीपुर के तरफ जाने लगे। उसने जब चिल्लाने की कोशिश की तो उनलोगों ने उसका मुंह दबा दिया। किसी तरह 10 बजे रात को उसने पत्नी अमलावती को फोन पर बताया कि उसे तीन लोग उठा लाए हैं। युवक की पत्नी ने यूपी-100 पर अपने पति के अपहरण की सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई। परिवारवालों से मिली जानकारी पर बगल के गांव के एक युवक को उठाकर पुलिस पूछताछ करने लगी। सुबह करीब आठ बजे अगवा युवक ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि हम सुरक्षित है। वहां से भाग निकले हैं। जिसके बाद घांटी चौकी पर तैनात सिपाही युवक को साथ लेकर उसके बताए स्थान पर गए। अगवा युवक ने बताया कि खैरात के बगीचे के छप्पर में उसे रखा गया था। किसी तरह मौका पा कर भागने में सफल हुए। प्रदीप व आरोपी युवक को पुलिस पूछताछ के लिए थाने बैठाई है। इस बाबत भटनी इंस्पेक्टर से बात करने पर उन्होंने मीटिंग में होने की बात कही।