फोटो समाचार...
--
- गुस्साए यात्रियों ने युवक को पकड़कर पुलिस के किया हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर कारख़ाना। हाथ देने के बावजूद बस न रोकने से गुस्साए मनबढ़ ने ओवरटेक कर बस रोक दिया। चालक की जमकर पिटाई की। इससे गुस्साए यात्रियों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
देवरिया से सहोदर पट्टी जाने वाली रोडवेज बस सवारी भरकर देवरिया-कसया मार्ग स्थित एक मैरेज हाल से आगे बढ़ी थी कि तभी एक बाइक सवार युवक ने उसे रोकने के लिए हाथ दिया। इससे बेखबर चालक बस लेकर आगे बढ़ गया। नाराज युवक ने ओवरटेक करते हुए आगे बस को रोक लिया। बस के अंदर घुस कर चालक की जमकर धुनाई कर दी। इससे सवार यात्रियों में भय का माहौल हो गया। गुस्साए यात्रियों ने भी युवक को पकड़ लिया और रामपुर कारखाना थाने ले आए। पुलिस ने चालक परिचालक से मामले की जानकारी ली और युवक को हिरासत में ले लिया। चालक वीरेंद्र यादव ने बताया कि युवक ने पिटाई करने के बाद बस का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। एसओ थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया।