युवक की हत्या कर शव नहर में छिपाया
टीलाटाली और बेलवा गांव के बीच नहर में मिली लाश
नहर में शव रखकर डाली गई थी मिट्टी, दुर्गंध उठने पर हुई जानकारी
आग या तेजाब से शव जलाने की आशंका, छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के टीलाटाली गांव के पास शनिवार की सुबह नहर में एक युवक का शव मिला है। झुलसे हुए शव पर मिट्टी डाल दी गई थी। शव से दुर्गंध उठने पर लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। काफी कोशिशों के बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी जा रही है।
टीलाटाली और बेलवा बाजार गांव के बीच बड़ी नहर सूखी हुई है। शनिवार की सुबह नहर किनारे गए लोगों को दुर्गंध का अहसास हुआ तो उनकी नजर नहर के अंदर पड़ी। वहां कुछ कुत्ते मिट्टी में धंसे शव को नोच रहे थे। सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पाकर महुआडीह चौकी इंचार्ज राममोहन सिंह, हेतिमपुर चौकी इंचार्ज रामरतन यादव मौके पर पहुंच गए। नहर में शव रखकर ऊपर से मिट्टी डाल दी गई थी। जानवरों के खींचने से कमर के नीचे का हिस्सा बाहर आ गया था। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर शिनाख्त की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। देखने से प्रतीत हो रहा था कि गला दबाकर हत्या के बाद शव को आग या तेजाब से जलाकर यहां छिपाया गया था। सीओ वरुण मिश्र, तहसीलदार सतीश कुमार और फॉरेंसिक टीम के प्रभारी दिलीप पांडेय ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। आसपास से साक्ष्य जुटाए। एसओ विनय सिंह ने बताया कि शव किसी युवक का है। फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।