सड़क हादसे में पति की मौत, पत्नी गंभीर
सलेमपुर कोतवाली गेट पर हुई सड़क दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। कोतवाली गेट के पास मंगलवार की रात पैदल सड़क पार कर रहे वृद्ध दंपती तेज रफ्तार बोलेेरो की चपेट में आ गए। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना के बाद दोनों काफी देर तक सड़क पर ही छटपटाते रहे। आधे घंटे बाद लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। कोतवाली थानाक्षेत्र के महदहां गांव निवासी सुरेश चौबे (70) अपनी पत्नी निर्मला देवी के साथ मंगलवार की शाम घर से पैदल नगर के एक निजी चिकित्सक के पास उपचार कराने आए थे। उपचार के बाद दोनों पैदल ही घर जा रहे थे। वह कोतवाली गेट के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गए। इसमें दंपती गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली गेट पर घटना होने के बावजूद घायलों पर किसी पुलिस के जवान की नजर नहीं पड़ी। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार की भोर सुरेश चौबे की मौत हो गई। वहीं पत्नी निर्मला की हालत गंभीर है। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। दोपहर में परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया। इस बाबत कोतवाल सीपी जैसल ने बताया कि रात में बोलेरो से एक्सीडेंट की सूचना मिली थी, लेकिन किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है।