मईल के पिपरा बांध में सड़क हादसे पर पहुंचे एसडीएम विनीत कुमार सिंह
- फोटो : अमर उजाला
मईल। थानाक्षेत्र के बभनियांव गांव के समीप तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे बाइक सवार आर्केस्ट्रा संचालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। लार थानाक्षेत्र के गढ़वा टोला निवासी अशोक चौरसिया (38) लक्ष्मण चौराहे पर रहकर आर्केस्ट्रा चलाता था। शनिवार की शाम को मईल चौराहे से मीट लेकर बाइक से घर जा रहा था। अभी वह बभनियांव गांव के पास पहुंचा था तभी बाइक से सड़क पार करने के दौरान दूसरी ओर से गुजर रही कार ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही आर्केस्ट्रा संचालक की मौत हो गई। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार और बाइक को कब्जे में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं पहना था। सिर पर चोट होने के कारण इसकी मौत हुई है। उधर से गुजर रहे सलेमपुर एसडीएम विनीत सिंह ने घटनास्थल पर रुककर जानकारी ली। मईल के प्रभारी एसओ आनंद शंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।