पुलिस अधीक्षक ने भाटपाररानी थाने के अभिलेखों का निरीक्षण किया और एक आरक्षी से राइफल के बारे में जानकारी ली।
- फोटो : अमर उजाला
भटनी/खुखुंदू। नवागत एसपी प्रमोद कुमार ने रविवार को खुखुंदू और भटनी थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाने में अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। लंबित विवेचनाओं का ढेर देख इसे निस्तारित कराने को कहा। चेतावनी दी कि एक सप्ताह में कमियां दूर न हुई तो कार्रवाई तय है। दोनों थाने प्रभारी के भरोसे होने पर हैरानी जताते हुए उन्होंने शीघ्र स्थायी थानाध्यक्ष के तैनाती की बात कही। एसपी दोपहर खुखुंदू थाने पहुंचे और थाना परिसर का निरीक्षण शुरू कर दिया। बारी-बारी थानाध्यक्ष कक्ष, बैरक का निरीक्षण करते हुए महिला, पुरुष कारागार में अंदर घुसकर शौचालय की साफ सफाई का हाल जाना। मालखाने का भी निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष के बारे में पूछा तो सामने मौजूद एसआई मनोज यादव ने खुद के चार्ज पर होने की जानकारी दी। एसपी ने अपराध रजिस्टर का अवलोकन किया। 2015-16 के कई मामले लंबित होने पर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि अपराध रजिस्टर में कई सारी गलतियां है। प्रभारी एसओ से कहा कि अगर भविष्य में थानेदारी करनी है तो तेजी लाओ। हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उधर, भटनी थाने में निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सुरेश राय को भी अपराध रजिस्टर में खामियों पर डांट लगाई। एसपी ने पुरुष व महिला बैरक का जायजा लेते हुये कंप्यूटर कक्ष, थाना, शस्त्रागार का अवलोकन किया। थाने में खड़े वाहनों को विभाग से नियमानुसार अनुमति लेकर मामले का निस्तारण करवाने का निर्देश दिया। सभी एसआई को लंबित विवेचनाओं का जल्द से जल्द निस्तारण कर रिपोर्ट देने को कहा।