देवरिया। शिकायत लेकर पहुंचे पति की एसपी कार्यालय परिसर में पत्नी ने जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने किसी तरह से बीचबचाव कर मामला शांत कराया। दंपती गौरीबाजार इलाके के एक गांव के रहने वाले हैं। पीड़ित ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। गौरीबाजार थानाक्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक गैर प्रांत में रहकर काम करता है। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पत्नी घर पर रहती है। पति को शक है कि पत्नी का संबंध किसी और व्यक्ति से है। पति का कहना है कि उसने पत्नी के नाम से जमीन खरीदा है। उसके खाते में 2.65 लाख रुपये भेजे थे। सारा रुपये उसने खर्च कर दिए हैं। हिसाब मांगने पर विवाद कर रही है। वह किसी और के साथ रहने की जिद कर रही है। मंगलवार को पीड़ित शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। जानकारी होने पर पत्नी भी पहुंच गई। कार्यालय परिसर में ही उसने पति की जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने किसी तरह से बीचबचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़ित ने एसपी एन. कोलांची को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने मामले की जांच गौरीबाजार पुलिस को सौंप दी है।