बरहज के पिपरा भुल्ली में खुली बैठक में हुई मारपीट के दौरान चोटिल प्रधान प्रतिनिधि फटी शर्ट दिखाते
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। विभिन्न योजनाओं से वंचित लाभार्थियों के चयन के लिए ग्राम पंचायत पिपरा भुल्ली स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित खुली बैठक में मारपीट हो गई। प्राथमिक विद्यालय परिसर में लकड़ी और उपले रखे जाने को लेकर नाराज लोग प्रधान प्रतिनिधि से भिड़ गए। मारपीट में प्रधान प्रतिनिधि, रसोइया आदि घायल हो गए। बैठक में अफरातफरी का माहौल हो गया। रविवार को विद्यालय परिसर में ग्राम पंचायत की खुली बैठक आयोजित थी। सुबह 10 बजे प्रधान ऊषा देवी की अनुपस्थिति में बैठक की कार्यवाही शुरू की गई। बैठक के दौरान गांव के कुछ लोग प्राथमिक विद्यालय में लकड़ी और उपला आदि रखे जाने के बारे में प्रधानाध्यापक से पूछताछ करने लगे। एलपीजी सिलेंडर की जगह लकड़ी पर भोजन बनाने पर भी लोगों ने सवाल उठाए। इसे लेकर शुरू आरोप-प्रत्यारोप मारपीट में तब्दील हो गया। मारपीट से अफरातफरी मच गई। बैठक की कार्यवाही बीच में छोड़ ग्रामीण भाग खड़े हुए। मारपीट में प्रधान प्रतिनिधि चंद्रभूषण और बीचबचाव में रसोइया को चोट आई। प्रधान प्रतिनिधि ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसओ जेपी सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।