भाटपाररानी। बनकटा थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग से सोमवार की देर शाम पुलिस ने शराब लदी कार समेत चालक को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह क्षेत्र में गश्त पर थे। मुखबिर ने लग्जरी कार से बिहार में शराब ले जाने की सूचना दी। रामपुर बुजुर्ग में बिहार सीमा के निकट घेराबंदी कर पुलिस कार का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद पहुंची गाड़ी रोककर तलाशी ली गई तो अंग्रेजी शराब की दो अलग-अलग ब्रांड की 40 पेटी मिलीं। चालक दीपक हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला का रहने वाला है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गाड़ी में दो अलग अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुई है, जिसे चालक समय-समय पर बदल लेता था। कार्रवाई करने वाली टीम में रामप्रताप यादव, उपेंद्र कुमार, बृजेश यादव आदि मौजूद रहे।