भटनी। ट्रांसफॉर्मर से बिजली सप्लाई ठीक कर रहे एक कारपेंटर (बढ़ई) की हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
भटनी थाना क्षेत्र के दुल्लह छपरा गांव निवासी कुंज बिहारी विश्वकर्मा का बेटा राजन उर्फ बबलू (31) बढ़ई का काम करता था। बुधवार को घांटी बाजार चौराहे पर हनुमान मंदिर के समीप आनंद गुप्ता के मकान में फर्नीचर का काम करने पहुंचा। करीब 11 बजे ड्रिल मशीन चलाने के लिए उसने आनंद से विद्युत कनेक्शन देने की बात कही, लेकिन ट्रांसफॉर्मर से गड़बड़ी होने के चलते घर में सप्लाई नहीं आ रही थी। सप्लाई ठीक करने वह ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंचा और डंडे से तार जोड़ने लगा। अचानक वह हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। लोग उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानेदार विद्याधर कुशवाहा ने बताया कि करंट से राजन की मौत हुई है।