सड़क हादसों में दो की मौत, एक जख्मी
भलुअनी के बारीपुर मंदिर के पास चार पहिया ने बाइक सवार को मारी टक्कर
रुद्रपुर-नकइल मार्ग पर बेकाबू जीप की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया/रुद्रपुर। जिले के दो स्थानों पर गुरुवार की शाम हुई अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना भलुअनी के बारीपुर मंदिर के पास की है, जबकि दूसरी रुद्रपुर-नकइल मार्ग की। इन हादसों में एक युवक जख्मी भी हुआ है। उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पांडेय माझा राजधर गांव निवासी 22 वर्षीय शिवकुमार गोड़ नकइल गांव की ओर से रुद्रपुर बाइक से आ रहा था। डाला गांव के पास बेकाबू जीप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर ही जीप छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीप को कब्जे में ले लिया है। उधर, बरहज थानाक्षेत्र के नदुआ गांव निवासी अजीत उपाध्याय पुत्र अभिमन्यु उपाध्याय और राजन यादव पुत्र दीनानाथ यादव बृहस्पतिवार की शाम को किसी काम से जिला मुख्यालय आ रहे थे। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। शाम साढ़े छह बजे के करीब दोनों अभी भलुअनी के बारीपुर मंदिर के पास पहुंचे थे कि देवरिया की तरफ से जा रही जीप से टक्कर हो गई। घटनास्थल पर ही राजन यादव की मौत हो गई। घटना के बाद चालक जीप लेकर भाग गया। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने राजन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजीत उपाध्याय को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने परिवारवालों को सूचना दे दी। सूचना मिलने ही परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। परिवारवाले जिला मुख्यालय के लिए चल दिए थे।