रामपुर कारखाना। बल्ब लगाते वक्त कटे तार में चिपक जाने से मजदूर की मौत हो गई। घर का इकलौता कमाऊ सदस्य होने के चलते कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना करते हुए दाह संस्कार कर दिया। थानाक्षेत्र के भगवानपुर चौबे गांव निवासी सूरज राजभर (50) मजदूरी करते थे। सोमवार की देर रात वह अपने कमरे में लगे बल्ब को बदल रहे थे। बल्ब में लगा बिजली का तार कटा था। सूरज का ध्यान कटे तार पर नहीं गया और करंट की चपेट में आ गए। जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजन कमरे में गए तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी प्रभावती, बेटे रामप्रवेश, अशोक, जयप्रकाश, अनिल व बेटियां बेबी व विमला दहाड़े मार कर रोने लगीं। इससे पहले भी गांव में होलिका दहन का बांस लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी। बार-बार हो रही घटनाओं से गांववाले डर गए हैं। मंगलवार की सुबह परिजनों ने सूरज का पटनवापुल स्थित छोटी गंडक नदी किनारे दाह संस्कार कर दिया।