घाटी बाजार। भटनी-भिंगारी मार्ग पर गुरुवार रात तेज रफ्तार से जा रही एक बाइक जगरनाथ छपरा गांव के पास पेड़ से टकरा गई। बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें एक युवक की मौत हो गई। दूसरे घायल युवक का पीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
खामपार थाना के विशंभरपुर निवासी विकास कुमार कुशवाहा और मुलायम कुमार बाइक से किसी काम से भटनी गए थे। घर लौटते समय जगरनाथ छपरा गांव के पास बाइक की तेज गति होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। बाइक चला रहे विकास कुमार का सिर सीधे पेड़ से टकरा कर फट गया। टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा की युवक बेहोश पड़े हैं। लोगों ने घाटी पुलिस चौकी पर सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी भटनी पहुंचाया । डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। रास्ते में ही विकास की मौत हो गई। वही मुलायम कुमार का उपचार गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।