सलेमपुर। चाय पी रहे बस चालक के ऊपर हाई टेंशन तार टूटकर गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। इससे गुस्साएं वाहन चालक सड़क पर उतर गए और मिस्करही मोड़ पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। एक घंटे बाद पहुंची पुलिस को देख नाराज लोगों ने नारेबाजी की। इस कारण देर शाम तक गुठनी-मैरवा मुख्य मार्ग प्रभावित रहा।
सिवान, दरौली थानाक्षेत्र के कुमटी भिटौली गांव निवासी मुकेश पांडेय प्राइवेट बस चालक हैं। गुरुवार को दिन में करीब तीन बजे मैरवा के मिस्करही मोड़ पर बस स्टैंड के पास बस खड़ी कर एक दुकान पर चाय पी रहे थे। इसी बीच दुकान के ऊपर से गुजरा हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई और वहां भगदड़ मच गई। इस घटना से नाराज अन्य वाहन चालक शव को 3.45 बजे गुठनी-मैरवा मुख्य मार्ग के मिस्करही मोड़ पर रख सड़क जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ लंबी वाहनों की लाइन लग गई। एक घंटे बाद गुठनी और मैरवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देख लोग उत्तेजित हो गए और नारेबाजी करने लगे। लोगों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच से जर्जर तार लगाया गया है। इसके चलते यह हादसा हुआ है। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते चालक की जान गई है। ऐसे में बिजली विभाग के अफसरों पर कार्रवाई किया जाए। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम खत्म नहीं हुआ था। इस बाबत मैरवा की थानाध्यक्ष पूनम ने बताया कि करंट से बस चालक की मौत हुई है। नाराज लोगों से जाम खत्म करने के लिए वार्ता की जा रही है। बस चालक मुकेश पांडेय की एक 11 वर्ष का बेटा और छह वर्ष की बेटी है। करंट से मौत की खबर मिलते ही परिवार के सभी लोग मैरवा पहुंच गए। घरवाले दहाड़े मारकर रोने लगे। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें गमगीन हो गई। बस चालक घर का अकेला कमाऊ सदस्य था।