देवरिया। अतीक प्रकरण के बाद जिला जेल एक बार फिर से चर्चा में है। यहां बंद एक बदमाश का फेसबुक वॉल लगातार अपडेट हो रहा है। वॉल पर उसकी फोटो भी लगाई जा रही है। बताते हैं कि यह बदमाश पिछले एक माह से जेल में बंद है, जबकि उसकी वॉल पर अंतिम पोस्ट 28 दिसंबर की है। सूत्रों के मुताबिक इस पोस्ट में उसकी फोटो के साथ लिखा है कि बस जेल में कुछ दिन और...। जेल और पुलिस प्रशासन फिलहाल इस मामले से अंजान है। हालांकि यह भी आशंका जताई जा रही है कि जेल में बंद बदमाश का फेसबुक कोई और चला रहा है। इस बाबत जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय का कहना है कि ऐसा नहीं है। जेल में मोबाइल चलाने का सवाल ही नहीं है। संभव है कि कोई और उसका फेसबुक चला रहा है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।