देवरिया। 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी राजेंद्र यादव पुराने मामले में चल रहे गैर जमानती वारंट में कोर्ट में हाजिर हो गया। शनिवार को ही उसे न्यायालय से जेल भेज दिया गया, लेकिन उसके जेल जाने की जानकारी पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को नहीं हो सकी। पुलिस अब अपनी पीठ थपथपाने में लगी है।
सदर कोतवाली के चितामन चक गांव निवासी राजेंद्र यादव उर्फ भोलू पर सदर कोतवाली में इस साल चार मुकदमे दर्ज हैं। दो साल पहले तरकुलवा थानाक्षेत्र में हत्या के मामले में वह आरोपी बनाया गया था। उस मामले में उसे न्यायालय से जमानत मिल गई थी। जमानत मिलने के बाद वह तारीख पर नहीं जा रहा था। इसके चलते न्यायालय की ओर से उस पर गैर जमानती वारंट जारी कर दिया गया था। 30 नवंबर को एसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके अगले ही दिन यानी शनिवार को वह तरकुलवा थाने में हत्या के मामले में चल रहे गैर जमानती वारंट में कोर्ट में हाजिर हो गया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। इस बात की जानकारी कोतवाली पुलिस और जिम्मेदार अधिकारियों को नहीं हो सकी। सोमवार को जानकारी होने पर पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारी इसे भी अपनी उपलब्धि बताने में लगे हैं। इस बाबत एसपी एन. कोलांचि का कहना है कि राजेंद्र यादव उर्फ भोलू और सकरापार गांव के रहने वाले विकास यादव पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। राजेंद्र ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पुलिस का दबाव पड़ने की वजह से उसने ऐसा किया है। विकास की तलाश की जा रही है। वहीं, सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि बदमाश राजेंद्र यादव कोतवाली में हत्या के प्रयास का आरोपी है। उसे रिमांड पर लिया जाएगा।